प्रयागराज , जुलाई 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र में खेकसा धरवारा गांव के पास बुधवार को ओवरटेक के दौरान एक एसपीएस बस में अचानक भीषण आग लग गई।

देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि चालक और परिचालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में बस धू-धू कर जलने लगी। आग इतनी भीषण थी कि पूरी बस जलकर खाक हो गई और केवल उसका लोहे का ढांचा ही बचा।

घटना की सूचना मिलते ही करछना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग की टीम ने पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था सुचारु कराते हुए घटना की जांच शुरू कर दी।

करछना थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ओवरटेक के दौरान हुई दुर्घटना के बाद बस में आग लगी। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

उन्होंने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और अग्निशमन विभाग घटना के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित