प्रयागराज , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में रविवार देर शाम घरेलू विवाद के चलते एक सब्जी विक्रेता ने यमुना नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची उसकी पत्नी ने भी नदी में छलांग लगा दी हालांकि नाविकों की तत्परता से उसे बचा लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कैंट थाना क्षेत्र के सर्कुलर रोड, नेवादा निवासी आकाश सोनकर के रूप में हुई है, जो सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार शाम करीब सात बजे किसी बात को लेकर उसकी पत्नी मुस्कान से कहासुनी हो गई, जिसके बाद वह घर से निकल गया। बताया गया कि घर से निकलने के बाद आकाश ने फोन पर पत्नी को बताया कि वह नए यमुना पुल से कूदकर अपनी जान देने जा रहा है। सूचना मिलते ही मुस्कान भी उसके पीछे-पीछे पुल पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आकाश कुछ देर तक पुल पर खड़ा होकर फोन पर बात करता रहा और फिर रेलिंग पर चढ़कर यमुना नदी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में मौजूद नाविकों और बाद में पहुंचे गोताखोरों ने आकाश की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
इस बीच, पति को नदी में कूदते देख व्यथित मुस्कान ने भी पुल से छलांग लगा दी। संयोगवश उस समय नदी में मौजूद नाविकों और गोताखोरों ने तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उसे उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत खतरे से बाहर है।
कीडगंज थाना प्रभारी प्रीतम तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित