प्रयागराज , मार्च 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में एक युवक ने पत्नी से कहासुनी के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी आदर्श सिंह पटेल उर्फ कुलदीप (25) पुत्र श्याम सिंह ने रविवार रात अपने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर छत के कुंडे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक हाल ही में जहाज पर नौकरी के लिए ट्रेनिंग पूरी कर घर लौटा था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और उसके पिता श्याम सिंह खेती-किसानी करते हैं।

परिजनों के मुताबिक आदर्श ने 25 अप्रैल 2025 को उतराव थाना क्षेत्र के टिकरी गांव निवासी सुष्मिता से प्रेम विवाह किया था। रविवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई थी। इसके बाद आदर्श बिना खाना खाए अपने कमरे में चला गया और गुस्से में आकर आत्मघाती कदम उठा लिया।

सोमवार सुबह उसकी मां पुष्पा देवी कमरे में पहुंचीं तो बेटे को फंदे से लटका देखकर परिजनों और पुलिस को सूचना दी।

थाना प्रभारी प्रीतम कुमारी तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित