प्रयागराज , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को गंगा स्नान के लिए मां के साथ नाव से जा रहे 10 वर्षीय बालक की नदी में डूबने से मौत हो गई। नाव के बीच धारा में पहुंचने पर संतुलन बिगड़ने से बालक गहरे पानी में गिर गया। काफी प्रयास के बाद उसे नदी से बाहर निकाल लिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मेजा तहसील क्षेत्र के चौकी गांव निवासी गजानंद का 10 वर्षीय पुत्र शिवानंद अपनी मां के साथ गंगा स्नान के लिए निकला था। दोनों नदी पार कर स्नान स्थल तक पहुंचने के लिए नाव पर सवार हुए थे। नाव गंगा की बीच धारा में पहुंची, तभी अचानक शिवानंद का संतुलन बिगड़ गया और वह नाव से गहरे पानी में जा गिरा।

बालक को नदी में गिरता देख उसकी मां ने चीख-पुकार मचा दी। मां की आवाज सुनकर नाव में सवार अन्य यात्रियों के साथ आसपास के ग्रामीण और नाविक बालक को बचाने के लिए नदी में उतर पड़े। काफी खोजबीन और मशक्कत के बाद शिवानंद को पानी से बाहर निकाला गया।

परिजन और स्थानीय लोग उसे अचेत अवस्था में आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने नदी में नाव संचालन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि नावों में लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से ऐसे हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव संचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक लगाने तथा यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट समेत आवश्यक सुरक्षा उपकरण अनिवार्य कराने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित