प्रयागराज , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियां का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

रविवार सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक फिर वृद्धि दर्ज की गयी है। पहाड़ी और ऊपरी क्षेत्रों से आ रहे बारिश का पानी का असर अब प्रयागराज में भी दिखाई देने लगा है।

आज सुबह जारी बाढ़ नियंत्रण की रिपोर्ट के अनुसार गंगा और यमुना दोनों नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि दोनों नदियां अभी भी खतरे के निशान 84.734 मीटर से काफी नीचे बह रही हैं और फिलहाल बाढ़ जैसी कोई स्थिति नहीं है।

जारी आंकड़ों के मुताबिक नैनी में यमुना नदी का जलस्तर 73.86 मीटर दर्ज किया गया। वहीं फाफामऊ में गंगा का जलस्तर बढ़कर 77.93 मीटर और छतनाग में 73.61 मीटर पहुंच गया। पिछले 24 घंटों में फाफामऊ में जलस्तर 4 सेंटीमीटर और छतनाग में 6 सेंटीमीटर बढ़ा है। नैनी में जलस्तर लगभग स्थिर बना हुआ है। बढ़ते जलस्तर का असर संगम क्षेत्र में भी दिखाई देने लगा है। रामघाट, वीआईपी घाट और दशाश्वमेध घाट के निचले हिस्सों तक नदी का पानी पहुंच गया है।इसे देखते हुए घाटों के आसपास दुकान लगाने वाले दुकानदार अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। नाविक भी लगातार नदी के जलस्तर पर नजर बनाए हुए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी तटबंध पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, घाटों पर सावधानी बरतें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित