प्रयागराज , अगस्त 12 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को शिकायत के आधार पर बड़े होटल रेडिसन समेत कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। रेडिसन होटल परिसर में निर्धारित मानकों के अनुरूप साफ-सफाई नहीं मिलने पर प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अन्य अनियमितताएं भी सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा टीम ने शिवकुटी स्थित राइपनिंग चैंबर में बिना खाद्य पंजीकरण के रसायनों के माध्यम से करीब 40 क्विंटल केले पकाए जाने का मामला पकड़ा। टीम ने केलों का नमूना लेकर कारोबार बंद करा दिया। इसी तरह टोपनदास कन्फेक्शनरी के केक निर्माण क्षेत्र में खामियां मिलने पर सुधार होने तक प्रतिष्ठान बंद रखने के निर्देश दिए गए।

लक्ष्मी डेयरी में प्लास्टिक के कंटेनर में रखे संदिग्ध मिश्रित दूध का नमूना लिया गया और शेष दूध मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। केजीएन फ्रूट कंपनी समेत अन्य प्रतिष्ठानों में भी खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की गई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में संतोष स्वीट एंड कन्फेक्शनरी, श्री कृष्णा डेयरी, माधव डेयरी, इंडियन क्वालिटी कन्फेक्शनरी और गोल्डन बेकरी समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। टीम ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और संबंधित प्रतिष्ठानों को आवश्यक सुधार के लिए नोटिस जारी किए।

खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान कुल 17 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें परीक्षण के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित