प्रयागराज , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के फाफामऊ क्षेत्र में सोमवार को एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत जमीदोज हो गयी। इस हादसे में वहां काम कर रहे चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए हैं।
घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज के एसआरएन अस्पताल तथा तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में चल रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि चंदापुर स्थित कोल्ड स्टोरेज के ढहने की घटना के बाद मौके पर पुलिस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि हादसे में मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बचाव कार्य अभी जारी है और सभी संभावित प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आयुक्त जोगिंदर कुमार ने बताया कि राहत कार्य को तेज करने के लिए वाराणसी से एनडीआरएफ की एक टीम बुलाई गई है, जबकि एसडीआरएफ की तीन टीमें पहले से मौके पर तैनात हैं।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, संबंधित कोल्ड स्टोरेज एक पूर्व विधायक से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है और लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित