प्रयागराज , फरवरी 20 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में नैनी स्थित पीडीए कॉलोनी के सी ब्लॉक में गुरुवार शाम एक किशोरी ने पंखे से दुपट्टे का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार नैनी सी ब्लॉक स्थित ईसी-107 में रहने वाली सुमन देवी अपने मायके में दो बेटों और एक बेटी के साथ रहती हैं। उनकी पुत्री अंशिका गौड़ (15) अपने भाइयों सुमित और आर्यन के साथ घर पर थी। गुरुवार को खाना खाने के बाद अंशिका अपने कमरे में चली गई, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आई। भाई द्वारा आवाज लगाने पर भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो खिड़की से झांककर देखा गया कि वह दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई है।

परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर किशोरी को नीचे उतारा। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ है।

पीडीए चौकी प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किशोरी के मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित