प्रयागराज , जुलाई 19 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में भी सावन में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देशन में शनिवार देर शाम को जिला पंचायत सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों और कांवड़ समिति के पदाधिकारियों के साथ यात्रा मार्गों और शिवालयों पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। कांवड़ मार्गों पर जाम की समस्या से बचने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन, प्रमुख चौराहों पर पुलिस की तैनाती और सभी स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लंगर और भंडारों का आयोजन मुख्य सड़क से दूर कराने को कहा गया ताकि यातायात प्रभावित न हो।
उन्होंने शिवालयों और यात्रा मार्गों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट, पेयजल के टैंकर, साफ-सफाई और घाटों पर लाइटिंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मार्गों पर पेड़ों की छंटाई, जर्जर मकानों की जांच, नगर निगम क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया।
विद्युत विभाग को जर्जर और लटके हुए तारों को तत्काल दुरुस्त करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों पर बने अवैध कटों का निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उन्हें बंद कराने के लिए भी कहा गया।बैठक में पुलिस विभाग को कांवड़ यात्रा मार्गों पर मीट-मांस की दुकानों को बंद कराने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
आबकारी विभाग को शासन के निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने तथा लोक निर्माण विभाग को कांवड़ मार्गों को गड्ढामुक्त करने, हंडिया मार्ग पर रोड लाइट चालू कराने और आवश्यक स्थानों पर बैरि केडिंग लगाने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ शिविरों में बजने वाले डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होनी चाहिए। अधिक ध्वनि प्रदूषण की शिकायत मिलने पर संबंधित डीजे जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। मंदिरों में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग व्यवस्था तथा पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित