प्रयागराज , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मऊआइमा ब्लॉक क्षेत्र के गधीना लोहार का पूरा गांव में गुरुवार को बिजली का करंट लगने से एक प्लंबर की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार विश्वकर्मा (45) अपने घर पर प्लंबिंग का कार्य कर रहे थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बिजली के बोर्ड में प्लग लगाते समय वह कटे हुए विद्युत तार की चपेट में आ गए। करंट लगने से वह तार से चिपक गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें तत्काल विभिन्न अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि अजय कुमार विश्वकर्मा ही परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वह प्लंबिंग और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी पुत्री साक्षी विश्वकर्मा (20) तथा पुत्र अनुज विश्वकर्मा (17) हैं। पुत्री का विवाह अभी नहीं हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित