प्रयागराज , मई 01 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के कीडगंज क्षेत्र में नए यमुना पुल से बृहस्पतिवार देर शाम एक एमबीए छात्र ने यमुना नदी में छलांग लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े छह घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद देर रात में शव बरामद किया गया। फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय अंश प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के मानधाता के गाजीपुर गांव का रहने वाला था। उसके पिता विजय प्रताप सिंह सीआरपीएफ में जवान हैं और वर्तमान में परिवार के साथ प्रयागराज के फाफामऊ के शांतिपुरम इलाके में रहते हैं।
अंश परिवार का इकलौता बेटा था और एमबीए की पढ़ाई कर रहा था।परिजनों के मुताबिक सुबह अंश घर से यह कहकर निकला था कि वह बाइक से घूमने जा रहा है और थोड़ी देर में वापस लौट आएगा। दोपहर बाद शाम को वह नए यमुना पुल पहुंचा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उसने पुल पर बाइक खड़ी की और फिर अचानक नदी में छलांग लगा दी। घटना देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही कीडगंज पुलिस और जल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
गोताखोरों की मदद से युवक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके से छात्र की बाइक और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजन भी आत्महत्या की वजह नहीं बता सके हैं। हालांकि बताया जा रहा है कि अंश पिछले कुछ दिनों से काफी गुमसुम रहता था।कीडगंज थानाध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल की जांच के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित