प्रयागराज , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के होलागढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान हिमांशु सरोज (18) के रूप में हुई है।
वह अपने दो दोस्तों के साथ घर से निकला था। कुछ देर बाद उसके एक दोस्त ने फोन कर परिवार को सूचना दी कि रास्ते में विवाद के दौरान तीन युवकों ने हिमांशु को गोली मार दी। हिमांशु सरोज मूल रूप से झौनी का पुरवा, राजापुर चौबारा गांव का रहने वाला था। उसके पिता संजय कुमार पुणे में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। परिवार के मुताबिक वह पूरब नारा में अपने मामा-मामी के घर रह रहा था।
आज दोपहर करीब 12 बजे उसके दोस्त अवनीश यादव और एक अन्य युवक घर पहुंचे और उसे अपने साथ बुलाकर ले गए। टोड़ी का पुरवा गांव में यह घटना हो गई। परिवार वालों के अनुसार कुछ देर बाद अवनीश यादव का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि रास्ते में दूसरी बाइक से टक्कर हो गई थी। इसी बात को लेकर दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों से विवाद हो गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने हिमांशु को गोली मार दी। गोली लगने के बाद घायल हिमांशु को आनन-फानन में स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल (एसआरएन) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही होलागढ़ पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही मृतक के दोनों दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना केवल मामूली विवाद का परिणाम था। या इसके पीछे कोई और वजह है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित