प्रयागराज , अप्रैल 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में धूमनगंज पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एनटीएफ) ने एक संयुक्त अभियान में सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन के पीछे से 704.88 ग्राम स्मैक के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 1.40 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धूमनगंज के ताड़बाग निवासी सचिन पासी (27), राहुल कुमार (22) और नितेश कुमार (32) के रूप में हुई है। महज 10 दिनों के भीतर पुलिस की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है, जिससे नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
इस कार्रवाई पर पुलिस कमिश्नर ने टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस आयुक्त (सिटी) ने कहा कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर इसे जड़ से खत्म किया जाएगा। इस ऑपरेशन में इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि आगे भी नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित