प्रयागराज , फरवरी 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के धूमनगंज क्षेत्र में सोमवार सुबह इंटरमीडिएट के एक छात्र ने परीक्षा से डर कर जिंदगी की डोर तोड़ दी।

पुलिस ने बताया कि 17 वर्षीय छात्र समीर यादव ने गणित की परीक्षा से कुछ घंटे पहले घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह गणित विषय को लेकर तनाव में था। परिजनों के मुताबिक सोमवार दोपहर 2:30 बजे से उसका गणित का प्रश्नपत्र था। वह पिछले कुछ दिनों से परीक्षा को लेकर चिंतित चल रहा था और रविवार देर रात तक पढ़ाई करता रहा। सोमवार सुबह करीब सात बजे मां उसे जगाने पहुंचीं, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दरवाजा खोलने पर वह कमरे में फंदे से लटका मिला। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

चचेरे भाई ने बताया कि घटना से पहले समीर ने अपने एक मित्र को फोन कर परीक्षा को लेकर घबराहट जताई थी। कुछ देर बाद फोन कट गया। बाद में कॉल डिटेल में मित्र का नंबर अंतिम कॉल के रूप में मिला। मित्र ने भी बातचीत की पुष्टि की है। समीर के पिता जय सिंह मुंडेरा मंडी में किराने की दुकान चलाते हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई पांचवीं कक्षा में पढ़ता है। परिजनों के अनुसार समीर पढ़ाई में मेधावी था और दसवीं कक्षा में अपने विद्यालय का टॉपर रहा था। अन्य विषयों में उसकी पकड़ मजबूत थी, लेकिन गणित को लेकर वह दबाव महसूस करता था। वह मुंडेरा स्थित मुन्नी देवी इंटर कॉलेज का छात्र था और आगे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना चाहता था।

धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित