प्रयागराज , मई 11 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में इस सीजन आम की बंपर पैदावार होने की उम्मीद से बागवानो के चेहरे खिले हुये हैं।
प्रयागराज और प्रयागराज मंडल के जिलों में आम की पैदावार काफी अच्छी हो रही है। जिले में खास तौर पर दशहरी, लंगड़ा, चौसा, सफेदा और आम्रपाली, वैरायटी के आम का उत्पादन होता है लेकिन हाल के वर्षों में कुछ किसानों ने कुछ नई प्रजातियों रतौल, बॉम्बे ग्रीन, अंबिका अरूणिका और मल्लिका की भी बागवानी उत्पादन शुरू किया है।
खुसरो बाग स्थित औद्योगिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र के प्रभारी विजय किशोर सिंह के मुताबिक इस बार आंधी तूफान से आम की फसल को कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। इसके साथ ही आम की फसल में बौर भी अच्छे आए थे। जिससे इस बार आम की काफी अच्छी फसल होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित