प्रयागराज , मई 06 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मंगलवार देर रात तेज आंधी और बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कोरांव तहसील क्षेत्र में आयोजित विवाह समारोहों में भारी व्यवधान उत्पन्न कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब आठ बजे से दस बजे के बीच चली तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने शादी समारोहों की तैयारियों को अस्त-व्यस्त कर दिया। बारातों के स्वागत के लिए लगाए गए पंडाल तेज झोंकों को सहन नहीं कर सके और कई स्थानों पर उखड़कर गिर पड़े, जिससे समारोह स्थलों पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। मेहमानों और परिजनों को संभलने का अवसर तक नहीं मिला और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए।

बारिश शुरू होते ही बड़ी संख्या में बारात में शामिल होने जा रहे लोग बीच रास्ते से ही वापस लौटने को मजबूर हो गए। वहीं जिन स्थलों पर बारातें पहुंच चुकी थीं, वहां भी आयोजन बुरी तरह प्रभावित हुआ। भोजन व्यवस्था और बैठने की व्यवस्था बाधित हो गई, जिससे मेहमानों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि मौसम के अचानक बदले मिजाज ने खुशी के माहौल को चिंता और अव्यवस्था में बदल दिया। हालांकि, देर रात बारिश थमने के बाद किसी तरह शेष वैवाहिक रस्में संपन्न कराई गईं, लेकिन आंधी और बारिश ने समारोहों का आनंद फीका कर दिया।

उधर, शहर क्षेत्र में भी बारिश का व्यापक असर देखने को मिला। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आवागमन बाधित रहा और लोगों को आवाजाही में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रशासन की ओर से जल निकासी की व्यवस्था सुचारू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित