प्रयागराज , सितंबर 9 -- कौशाम्बी में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद प्रयागराज पुलिस ने भी अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में यमुनानगर जोन के नैनी क्षेत्र में पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 35 बोरी पटाखे बरामद किए और दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि नैनी के चक दोंदी इलाके में एक गोदाम में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर नैनी पुलिस ने मंगलवार देर रात गोदाम पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां करीब 35 बोरी पटाखे बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से चक दोंदी निवासी हसीन बाबू और मो. नसीम अहमद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पटाखे जिस गोदाम से बरामद हुए हैं, वह हसीन बाबू का बताया जा रहा है। तलाशी के दौरान पुलिस को गोदाम से एक स्कूटी भी मिली। जांच में स्कूटी चोरी की होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी की स्कूटी गोदाम में किसने और कब रखी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित