प्रयागराज , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में अलविदा की नमाज से पहले एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के असदउल्लापुर भीटी गांव में शुक्रवार को फायरिंग की घटना में एक महिला और एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गांव निवासी फुजैल के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे जब घर में नमाज की तैयारी चल रही थी, तभी गांव के ही कुछ लोग असलहों के साथ घर पर आ पहुंचे और फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उसकी 45 वर्षीय पत्नी खुशमुदा के पैर में गोली लग गई। उसे बचाने पहुंचे भतीजे 15 वर्षीय शोएब को भी गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पहले कॉल्विन अस्पताल और बाद में एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फुजैल का आरोप है कि हमलावरों से पूर्व में विवाद हुआ था और उसी रंजिश में यह घटना अंजाम दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित