प्रयागराज , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट के यमुनानगर जोन स्थित नैनी थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार अनुबंधित रोडवेज बस के अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मार देने से तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना बीती रात करीब 10 बजे नैनी थाना क्षेत्र के सरगम चौराहे पर तेज रफ्तार बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। बस ने एक मोटरसाइकिल को बुरी तरह रौंद दिया, जबकि सड़क किनारे खड़े एक ठेले को भी टक्कर मार दी, जिससे ठेला पलट गया और उस पर रखा सामान सड़क पर बिखर गया।
हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान रेई निवासी कृपा प्रजापति तथा नैनी गांव निवासी रवि केसरवानी के रूप में हुई है। तीसरे घायल व्यक्ति की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक शिव कुमार को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने अनुबंधित रोडवेज बस को कब्जे में लेने के साथ चालक शिव कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित