प्रयागराज , जून 9 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिला अदालत परिसर में मंगलवार को अपर जिला शासकीय अधिवक्ता (एडीजीसी) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। साथी अधिवक्ताओं ने उन्हें तुरंत उठाकर बेली अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।जानकारी के अनुसार, भानु प्रताप सिंह दोपहर में लंच की तैयारी कर रहे थे, तभी उनकी तबीयत बिगड़ गई। हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। अधिवक्ता के निधन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में वकील अस्पताल पहुंच गए।
सूत्रों के अनुसार प्रयागराज जिला अदालत में परिसर में दोपहर करीब 1:30 बजे एडीजीसी भानु प्रताप सिंह (40) कोर्ट परिसर में लंच की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद अधिवक्ताओं ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए बेली अस्पताल पहुंचाया।बेली अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,उनकी मौत हार्ट अटैक के कारण हुई है। मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता अस्पताल पहुंच गए।
भानु प्रताप सिंह मूल रूप से आजमगढ़ जिले के अतरौली क्षेत्र के रहने वाले थे। वर्तमान में वह प्रयागराज के अशोक नगर इलाके में रह रहे थे। जिला अदालत में एडीजीसी के पद पर कार्यरत थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित