प्रयागराज , फरवरी 21 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बिहार से दिल्ली तक साइकिल यात्रा कर रहे रोहित कुमार सिंह शनिवार दोपहर मांडा क्षेत्र पहुंचे, जहाँ सपा नेता प्रमिल यादव ने उनका स्वागत कर गंगाजल ग्रहण कराया।

रोहित कुमार सिंह बिहार के छपरा जिले के मिर्जापुर गांव के निवासी हैं। वे पर्यावरण संरक्षण और 'बिना पैसे' सुरक्षित यात्रा का संदेश देते हुए साइकिल से देश भ्रमण पर निकले हैं। उनका लक्ष्य सभी 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम के दर्शन करना है।

उन्होंने 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के अवसर पर लगभग 30 हजार किलोमीटर लंबी यात्रा की शुरुआत की, जिसे 540 दिनों में पूरा करने का संकल्प है। रोहित गुरुवार को वाराणसी पहुँचे थे, जहाँ उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए।

वे अयोध्या और लखनऊ होते हुए दिल्ली जाएंगे। इसके बाद उत्तराखंड में केदारनाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। उनकी यात्रा का समापन इंडिया गेट पर तिरंगा फहराने के साथ होगा। 12वीं पास रोहित अपनी साइकिल पर एक विशेष बारकोड लगाकर यात्रा कर रहे हैं, जिस पर पर्यावरण संरक्षण और 'बिना पैसे' यात्रा का संदेश अंकित है। उनके इस अनूठे प्रयास की विभिन्न स्थानों पर सराहना की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित