प्रयागराज , सितंबर 23 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के करछना क्षेत्र में गृह क्लेश के बीच एक व्यक्ति ने अपने पुत्र की हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को बताया कि कैथी गांव निवासी रघुनंदन द्विवेदी ने बीती देर शाम अपने पुत्र अभिषेक (12) पर चाकू और डंबल से हमला कर दिया। गंभीर हालत में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया।
परिजनों के मुताबिक मंगलवार की शाम को किसी बात को लेकर अभिषेक और उसके पिता रघुनंदन के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद रघुनंदन ने अभिषेक पर चाकू से हमला किया। इसके बाद डंबल से भी हमला करने का आरोप है। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर गया। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग और परिवार के सदस्य मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। घायल बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
करछना एसीपी कुंजलता ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक घटना मामूली विवाद को लेकर हुई। इसी दौरान पिता पर बेटे की हत्या करने का आरोप है। आरोपी पिता को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित