प्रयागराज , मार्च 24 -- प्रयागराज के गंगानगर जोन अंतर्गत फाफामऊ थाना क्षेत्र के चंदापुर गांव में हुए सोमवार को हुये कोल्ड स्टोरेज हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है, जबकि 14 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हादसे के लगभग 20 घंटे बाद भी राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है।
रेस्क्यू ऑपरेशन में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की एक टीम और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल की तीन टीमें लगी हुई हैं। इसके अलावा फायर ब्रिगेड और कई थानों की पुलिस भी राहत कार्य में जुटी है। मलबा हटाने के लिए दो पोकलेन और आधा दर्जन से अधिक जेसीबी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
मौके पर अमोनिया गैस का रिसाव अब बंद हो चुका है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही कठिनाइयों में कमी आई है। एहतियातन फायर ब्रिगेड द्वारा मलबे पर लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है, जिसके चलते बेहद सावधानी के साथ बचाव कार्य किया जा रहा है।
इस हादसे में किसानों को भी भारी नुकसान हुआ है। कोल्ड स्टोरेज में रखे हजारों टन आलू नष्ट हो गए हैं और मलबे के साथ उन्हें हटाया जा रहा है। इससे क्षेत्र के किसानों पर आर्थिक असर पड़ने की संभावना है।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी द्वारा जांच समिति गठित की गई है और एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कोल्ड स्टोरेज से जुड़े एक पूर्व विधायक को हिरासत में लिए जाने की चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित