प्रयागराज , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सावन के दूसरे सोमवार को प्राचीन हाटकेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिर के कपाट खुलते ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और दर्शन-पूजन का क्रम शुरू हो गया। सुबह चार बजे से हजारों श्रद्धालुओं ने गंगाजल, बेलपत्र, दूध, शहद, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया। मंदिर परिसर 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से गूंज उठा।

सावन के दूसरे सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। मनकामेश्वर महादेव के मंदिर में तो भक्त देर रात से ही मंदिर के बाहर एक किलोमीटर लंबी कतारों में लगना शुरू हो गए थे। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने भगवान मनकामेश्वर महादेव के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ण होने की प्रार्थना की।

दूसरे सोमवार से एक दिन पहले, रविवार शाम को मंदिर में भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया। विभिन्न प्रकार के पुष्पों, आकर्षक आभूषणों और विशेष सजावट से बाबा का श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग भी अर्पित किया गया। दिव्य श्रृंगार और छप्पन भोग के दर्शन के लिए भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और देर रात तक दर्शन-पूजन करते रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित