प्रयागराज , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरूवा विकासखंड के तटीय इलाकों में नीलगायों का आतंक किसानों के लिए गंभीर समस्या बन गया है।
नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार दिन हो या रात, नीलगायों के झुंड खेतों में पहुंच जाते हैं और कुछ ही समय में पूरी फसल चौपट कर देते हैं। गेहूं, चना सहित अन्य रबी फसलें लगातार क्षति झेल रही हैं, जिससे अन्नदाताओं में भारी चिंता व्याप्त है। परानीपुर, बिसेनपुर, पकरी सेवार, दुबेपुर, सिकटी और जेरा समेत कई गांव इस समस्या से प्रभावित हैं। किसानों ने खेतों की सुरक्षा के लिए कंटीले तार और अस्थायी बाड़ लगाने का प्रयास भी किया, लेकिन इससे भी अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।
किसान संदीप सिंह ने बताया कि दिन-रात खेतों की रखवाली करने के बावजूद फसलों को बचा पाना कठिन हो रहा है। किसानों ने वन विभाग और प्रशासन से नीलगायों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि उनकी आजीविका सुरक्षित रह सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित