प्रयागराज , जुलाई 30 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के नए पुलिस कमिश्नर आईपीएस पीयूष मोर्डिया ने बुधवार देर रात कार्यभार ग्रहण कर लिया। प्रयागराज पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। गुरुवार सुबह उन्होंने संगम स्थित प्रसिद्ध लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया।

बुधवार रात करीब 11 बजे प्रयागराज पहुंचने पर नए पुलिस आयुक्त का एडिशनल पुलिस कमिश्नर, तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर प्रारंभिक चर्चा की। इसी दिन निवर्तमान पुलिस कमिश्नर जोगेंद्र कुमार का विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।

आईपीएस पीयूष मोर्डिया वर्ष 1998 बैच के अधिकारी हैं और उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। वह इससे पूर्व वाराणसी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) के पद पर तैनात थे। इससे पहले वह आठ जिलों में पुलिस अधीक्षक (एसपी) तथा लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में संयुक्त पुलिस आयुक्त (ज्वाइंट सीपी) के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

राजस्थान के अजमेर निवासी श्री मोर्डिया ने बीएससी और एलएलबी की शिक्षा प्राप्त करने के बाद हार्वर्ड विश्वविद्यालय से मास्टर इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन की डिग्री हासिल की। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें राष्ट्रपति पुलिस पदक , डीजी कमेंडेशन डिस्क सहित कई सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्हें पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) तथा वर्ष 2023 में पदोन्नत होकर अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया।

कार्यभार संभालने के अगले दिन गुरुवार को उन्होंने प्रयागराज के कोतवाल माने जाने वाले संगम स्थित लेटे हनुमान मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित