प्रयागराज , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के कोरांव थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बने तालाब से एक अज्ञात नवजात शिशु का शव बरामद किया गया।
स्थानीय लोगो ने बताया कि तालाब के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरती एक संदिग्ध वस्तु पर पड़ी। करीब जाकर देखने पर पता चला कि वह एक नवजात शिशु का शव था।
घटना की सूचना मिलते ही कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकाला। नवजात शिशु का शव खराब हालत में था और प्रथम दृष्टया कई दिनों पुराना लग रहा था। शव का सिर सड़-गल चुका था, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि नवजात को कुछ दिन पहले तालाब में फेंका गया था।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि नवजात की मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित