प्रयागराज , जून 17 -- उत्तर प्रदेश में संगम नगरी प्रयागराज के झूंसी इलाके में इन दिनों तेंदुए का आतंक बना हुआ है। बीते एक हफ्ते में दो बार तेंदुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद भी हो चुका है। वही गंगा नदी के किनारे क्रिया योग आश्रम के पीछे एसटीपी के पास भी रविवार 14 जून की रात तेंदुआ चहलकदमी करता नजर आया है। एसटीपी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड्स ने तेंदुए के मूवमेंट का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वही आज फिर रिहायशी इलाके में तेंदुए के नजर आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। लोग जहां शाम के वक्त अपने घरों में कैद होने को मजबूर है। वहीं रात के वक्त लोग रिवर बैंक रोड पर आने में भी डर रहे हैं। देर शाम और रात को इस इलाके में महिलाएं और बच्चे घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। लोगों ने इलाके में दोबारा तेंदुए की दस्तक को लेकर वन विभाग को भी सूचना दी है। इसके बाद वन विभाग की टीम भी रेस्क्यू टीम के साथ इलाके में पहुंची लेकिन कई घंटे की छानबीन के बाद भी वन कर्मियों को यहां पर कुछ भी नहीं मिला है।

लोगों का कहना है कि जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता उन्हें डर बना हुआ है।क्षेत्रीय वनाधिकारी लक्ष्मीकांत दुबे का कहना है कि 8 अगस्त 2025 को गंगा पार के तटीय इलाकों में तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली थी। जिसके बाद कई बार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और जनवरी 2026 में एक तेंदुआ भी पकड़ा भी गया था। उसके बाद तेंदुए के रिहायशी इलाके में मूवमेंट की कोई जानकारी नहीं मिली थी। लेकिन एक बार फिर से कुछ दिन पूर्व जहां हरिश्चंद्र रिसर्च इंस्टीट्यूट यानी एच आर आई परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक तेंदुआ कैद हुआ था। वहीं अब शास्त्री ब्रिज के नीचे तेंदुआ दिखने के बाद दहशत का माहौल है। क्षेत्रीय वनाधिकारी का कहना है कि एचआरआई के आस पास मौके पर जांच की गई तो तेंदुए का पगचिन्ह नहीं मिला था। जिससे उस इलाके में तेंदुए की पुष्टि नहीं हो पाई थी। लेकिन उसके बावजूद तेंदुए की आशंका को देखते हुए उसे पकड़ने के लिए पांच पिंजरे लगाए गए हैं। एच आई आर परिसर में चार नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। उनके मुताबिक दो-तीन दिन पहले शास्त्री ब्रिज के नीचे भी तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है। इसके बाद मौके पर वन विभाग की टीम डीएफओ के नेतृत्व में गई थी। उनके मुताबिक पग मार्क मिलने की भी पुष्टि हुई थी लेकिन फिलहाल यह तेंदुआ पकड़ा नहीं जा सका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित