प्रयागराज , सितंबर 15 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित बमरौली एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू होगा। नए शेड्यूल के तहत प्रयागराज से मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर के लिए सप्ताह में कुल 21 उड़ानों का संचालन होगा। उड़ानों का संचालन सप्ताह में छह दिन किया जाएगा और नवंबर से शनिवार को कोई निर्धारित उड़ान नहीं होगी।
नए शेड्यूल के अनुसार रविवार को सबसे अधिक पांच उड़ानें संचालित होंगी। इस दिन प्रयागराज से हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई, भुवनेश्वर और नई दिल्ली के लिए उड़ानें रहेंगी। सोमवार को चार, मंगलवार को चार, बुधवार को दो, गुरुवार को तीन और शुक्रवार को तीन उड़ानें निर्धारित हैं।
सोमवार को बेंगलुरु, मुंबई, भुवनेश्वर और दिल्ली के लिए उड़ानें रहेंगी। मंगलवार को हैदराबाद, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली, गुरुवार को हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली तथा शुक्रवार को बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली के लिए विमान संचालित होंगे। बुधवार को मुंबई और दिल्ली के लिए दो उड़ानें रहेंगी।
इस बीच अकासा एयर एक अक्टूबर से प्रयागराज-मुंबई मार्ग पर रोजाना उड़ान संचालित करेगी। इससे अक्टूबर में शनिवार को भी मुंबई के लिए हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध रहेगी। यह व्यवस्था 30 अक्टूबर तक रहेगी। 31 अक्टूबर से मुंबई की अकासा एयर की उड़ान सप्ताह में छह दिन संचालित होगी और शनिवार को यह सेवा उपलब्ध नहीं होगी।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार सर्दियों में कोहरे की स्थिति को देखते हुए उड़ानों के समय में बदलाव संभव है। यात्रियों को यात्रा से पहले संबंधित एयरलाइन से उड़ान का समय सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित