प्रयागराज, मई 31 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज अपने घर पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, बिजली व्यवस्था, बेरोजगारी, पेपर लीक, लोकतंत्र और विदेश नीति जैसे विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरा।

श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय उन पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है, जबकि पहले सस्ती दरों पर ईंधन देने के दावे किए गए थे। बिजली व्यवस्था को लेकर प्रमोद तिवारी ने उत्तर प्रदेश सरकार पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है, जबकि बिजली बिल और अतिरिक्त शुल्क लगातार बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार आम लोगों की परेशानियों को नजरअंदाज कर उन पर आर्थिक बोझ डाल रही है। विदेश नीति पर टिप्पणी करते हुए तिवारी ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने इटली के प्रधानमंत्री को 'चॉकलेट पकड़ाकर आपने' को बचपना बताया। उन्होंने कहा कि विदेश यात्राओं और प्रतीकात्मक आयोजनों से ज्यादा जरूरी देश के आर्थिक और सामाजिक मुद्दों पर ध्यान देना है, और सरकार को उन देशों से मजबूत संबंध बनाने चाहिए जिन्होंने भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सहयोग दिया है।वही छात्रों के प्रदर्शन और पेपर लीक के मुद्दे पर प्रमोद तिवारी ने कांग्रेस का समर्थन दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित