उदयपुर , अप्रैल 03 -- राजस्थान में प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा) गायत्री राठौड़ ने शुक्रवार को आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर से संबद्ध महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालयका औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपातकालीन इकाई, गहन चिकित्सा इकाई और विभिन्न वार्डों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं, आउटडोर एवं भर्ती मरीजों की संख्या और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
प्रमुख शासन सचिव ने राज्य सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मेडिकल कॉलेज में संचालित स्नातकोत्तर विषय के संबंध में भी जानकारी ली और भविष्य में स्नातकोत्तर की सीटों में वृद्धि करने के निर्देश दिये।
श्रीमती राठौड ने सुपर स्पेशलिटी चिकित्सालय एवं जनाना चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बताया कि जनाना अस्पताल का कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ किया जायेगा, जिससे महिला मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में चल रहे नव निर्माण कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिये, ताकि कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूर्ण हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित