पटना , जनवरी 14 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने तेलंगाना कांग्रेस के एमएलसी बोम्मा महेश कुमार गौड़ के भगवान श्री राम के बारे में दिए गये बयान की कड़ी निन्दा की है।
श्री मिश्र ने आज बयान जारी कर कहा कि सनातन का जिसने भी अपमान किया, उसका अंत तय है।उन्होंने कहा कि बोम्मा महेश कुमार जैसे लोग ही कांग्रेस की समाप्ति का कारण बनेंगे। ऐसे लोग कांग्रेस की बची खुची साख को भी खत्म करने पर तूले हैं।
श्री मिश्र ने कहा कि बिहार से लेकर तेलंगाना तक कांग्रेस और उसके सहयोगी सनातनी धर्म संस्कृति का अपमान करने की कोशिश में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में कांग्रेस के अनुयायी नवरात्र में फिश पार्टी कर फोटो खिंचवा रहे हैं। लेकिन, ऐसे कुकृत्य से सनातनी धर्म संस्कृति को कोई नुकसान भी होगा।
श्री मिश्र ने कहा कि बोम्मा महेश इतना तो समझ लें कि प्रभु श्री राम किसी दल में नहीं हैं, लेकिन कोई दल उनके दायरे से बाहर नहीं जा सकता। रामचरित मानस में लिखा गया है, 'होइहि सोइ जो राम रचि राखा।' जो राम का अपमान करेगा, उसपर पूर्ण विराम लगना तय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उसकी करनी का फल मिल रहा और वह जल्द ही इतिहास के पन्नों में दफन हो जाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री मिश्र ने कहा कि कांग्रेस जब राजनीतिक रूप से हताश होती है, तब हिंदू आस्था पर प्रहार कर सस्ती लोकप्रियता बटोरने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि कभी राम मंदिर पर सवाल, कभी गीता पर टिप्पणी और अब भगवान श्रीराम पर तंज यह कांग्रेस की पुरानी और घिसी-पिटी रणनीति है। उन्होंने कहा कि भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं, 'यदा यदा हि धर्मस्य ग्लानिर्भवति भारत।अभ्युत्थानमधर्मस्य तदात्मानं सृजाम्यहम्।' अर्थात, जब-जब धर्म की हानि होती है और अधर्म की वृद्धि होती है, तब-तब मैं प्रकट होता हूं।
श्री मिश्र ने कहा कि कांग्रेस के कमजोर शासन की वजह से भाजपा का उदय हुआ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली। बिहार में जंगलराज से मुक्ति के लिए ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनी। उन्होंने कहा कि बिहार में जंगल राज लाने वाले आज भ्रष्टाचार की दलदल में आकंठ डूबकर समाप्ति की कगार पर हैं। आज जब देश भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण और परिवारवाद से जूझ रहा था, तब भारत को एक मजबूत, निर्णायक और राष्ट्रहित में काम करने वाले नेतृत्व की आवश्यकता थी, और उसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व देश को मिला।
श्री मिश्रा ने कांग्रेस से सवाल किया कि वह देश को स्पष्ट करे कि क्या वह भगवान श्रीराम और सनातन धर्म का सम्मान करती है या फिर उनके अपमान को ही अपनी राजनीति का आधार बना चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुकृत्य से सनातन संस्कृति की धवलता कभी खत्म नहीं हो सकती। भाजपा सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित