बैतूल , नवंबर 04 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के भीमपुर ब्लॉक स्थित प्रभुढाना हाई स्कूल से नौ कंप्यूटर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में स्कूल के प्राचार्य ने सोमवार को खेड़ी सांवलीगढ़ पुलिस चौकी में लिखित आवेदन दिया था। आरोप है कि प्रारंभिक स्तर पर पुलिस ने कार्रवाई में देरी की। मामला सामने आने के बाद कोतवाली थाना प्रभारी के हस्तक्षेप पर चौकी में प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

जानकारी के अनुसार, चोरी की घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात हुई। स्कूल से नौ कंप्यूटर गायब मिलने पर प्राचार्य ने पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी थी। मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय स्तर पर नाराजगी जताई जा रही है।

क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। करीब एक पखवाड़े पहले क्षेत्र के कई किसानों के खेतों से तांबे के केबल तार चोरी हुए थे, जिनका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। वहीं, करीब चार महीने पहले एक किसान का ट्रैक्टर भी चोरी हुआ था। इस मामले में भी पुलिस को अब तक सफलता नहीं मिली है।

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बैतूल कोतवाली के अंतर्गत आने वाली खेड़ी सांवलीगढ़ पुलिस चौकी के ग्रामीण क्षेत्रों में जुआ, सट्टा और अवैध शराब का कारोबार जारी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त प्रभावी नहीं होने और शिकायतों पर समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने से चोरों के हौसले बढ़ रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्र के लोग चिंतित हैं और उन्होंने पुलिस से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित