चमोली , अप्रैल 19 -- उत्तराखण्ड के ग्राम्य विकास, लघु एवं सूक्ष्म मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग मंत्री भरत सिंह चौधरी ने रविवार को चार धाम यात्रा में व्यवस्था को चाक चौबंद करने और स्थलीय फीड बैक की जानकारी के लिए बदरीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने चमोली जिले के कमेड़ा से बदरीनाथ धाम तक राष्ट्रीय राजमार्ग का निरीक्षण करते हुए यात्रा को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए सभी कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों में तेजी लाने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कमेड़ा, नंदप्रयाग, पागल नाला, भनेर पानी एवं टंगड़ी के लैंडस्लाइड जोन में एनएचआईडीसीएल द्वारा संचालित मार्ग सुधारीकरण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने इन संवेदनशील स्थलों पर कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण करने, अधिक मशीनरी एवं मैनपावर तैनात करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित