सक्ति , अक्टूबर 07 -- छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय चिस्दा के कर्मचारियों ने प्रभारी प्राचार्य अरविन्द कुमार जायसवाल पर दुर्व्यवहार और नौकरी से निकालने की धमकी देने सहित कई आरोप लगाते हुए काम बंद कर हड़ताल शुरू कर दी है।
हड़ताली कर्मचारियों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य की ओर से उन्हें बार-बार नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल, अपमानजनक व्यवहार और मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने के भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि काम को लेकर उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे विद्यालय में कार्य का माहौल प्रभावित हो रहा है।
कर्मचारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि विद्यालय में कर्मचारियों के लिए सम्मानजनक और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उनका कहना है कि समस्याओं और मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें काम बंद कर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
कर्मचारियों की हड़ताल के कारण विद्यालय की व्यवस्थाओं पर असर पड़ने की आशंका है। इस संबंध में प्रभारी प्राचार्य अथवा विद्यालय प्रबंधन का पक्ष फिलहाल सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित