पटना , मार्च 20 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रदेश प्रवक्ता प्रेमरंजन पटेल ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सूझबूझ की नीति से 'तिरंगे' की ताकत और भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है और अंतर्राष्ट्रीय संकट काल में भी भारत मजबूत देश के रूप में उभरा है।
श्री पटेल ने आज बयान जारी कर कहा कि श्री मोदी की सफल विदेश नीति का सबसे बड़ा प्रमाण अंतर्राष्ट्रीय संकट के समय दिखा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा (रूस-यूक्रेन युद्ध) के समय भारत सरकार ने भारतीय तिरंगा हाथ में लेकर न केवल भारतीय छात्र, बल्कि अन्य देशों के नागरिक भी सुरक्षित निकले। प्रधानमंत्री मोदी के हस्तक्षेप से युद्ध विराम जैसी स्थिति पैदा कर 22,500 से अधिक छात्रों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि खाड़ी देशों और रेड सी में आये संकटों में जब वैश्विक व्यापारिक जहाजों पर हमले हो रहे हैं, तब भारतीय नौसेना के (आईएनएस सुमेधा और अन्य) जहाज सुरक्षित वापस लौटे । उन्होंने कहा कि अरब देशों के साथ भारत की 'सांस्कृतिक और व्यापारिक रिश्ते' इतने मजबूत हुए हैं कि संकट के समय भारतीय जहाजों को विशेष प्राथमिकता और सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
श्री पटेल ने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का परिणाम है जहाँ 'जी-20' की अध्यक्षता के दौरान 'एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' का मंत्र गूंजा है। वहीं भारत अब अपनी शर्तों पर दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित