भुवनेश्वर , जून 18 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने युवाओंं से ओडिशा के पवित्र सीतल षष्ठी त्योहार की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को सोशल मीडिया कंटेंट के जरिए वैश्विक स्तर पर प्रचारित करने की अपील की है।
श्री प्रधान ने गुरूवार को ओडिशा , खासकर संबलपुर के लोगों को एक वीडियो मैसेज के माध्यम से बधाई और शुभकामनाएं देते हुए सीतल षष्ठी को राज्य के सबसे पसंदीदा सांस्कृतिक और आध्यात्मिक त्योहारों में से एक बताया।
उन्होंने इस त्योहार की विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि सीतल षष्ठी अपनी 'मानबिया लीला' (इंसानों जैसा दिव्य खेल) की परंपरा के लिए मशहूर है, जिसमें भगवान शिव एक आम दूल्हे के रूप में दुल्हन के परिवार से मिलने जाते हैं, जो भगवान और इंसानियत के बीच गहरे रिश्ते का प्रतीक है।श्री प्रधान ने कहा कि यह त्योहार दिखाता है कि भक्त भगवान से भावनात्मक रूप से कैसे जुड़ते हैं। उन्होंने कहा कि यह पवित्र परंपरा सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठाती है और इसने पीढ़ियों से परिवार और समुदाय के मूल्यों को मजबूत करने का काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित