देहरादून , जुलाई 25 -- उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के पद से इस्तीफे को राष्ट्र और छात्र हित में नैतिक आधार पर लिया सर्वोकृष्ट निर्णय बताया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उम्मीद जताई कि साजिश के तहत फैलाए जा रहे भ्रम एवं नकारात्मकता के बादल अब पूरी तरह छंट जायेंगे।
साथ ही आंदोलनरत छात्रों से गुमराह नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य पर समझौता नहीं करेंगे।
देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से श्री भट्ट ने कहा कि श्री प्रधान का सम्पूर्ण सामाजिक एवं राजनैतिक जीवन निष्पक्ष, निष्कलंक और कर्मठतापूर्ण रहा है। ऐसे में नीट परीक्षा को लेकर जिस तरह का झूठ, भ्रम एवं अफवाह से माहौल खराब करने और छात्रों को भड़काने की कोशिश की जा रही थी। उसपर छात्र एवं राष्ट्रहित में पूर्ण विराम लगाने के लिए उन्होंने देश प्रथम की भावना से इस्तीफा दिया है। उनका नैतिकता के आधार पर दिया गया यह इस्तीफा, छात्रों के बीच साज़िशन फैलाए जा रहे नकारात्मकता के माहौल को दूर करने में मददगार साबित होगा। राष्ट्रविरोधी एवं विदेशी ताकतों के हाथों में छात्र गुमराह होकर गलत दिशा में न चला जाए, इस दृष्टि से श्री प्रधान ने भी कहा कि मेरे लिए राष्ट्र प्रथम है। राष्ट्र के भाव को ध्यान में रखते हुए और जो वातावरण पूरे देश के अंदर खड़ा हुआ, उसके आधार पर उन्होंने त्यागपत्र देने का निर्णय लिया। इससे एक बात एकदम स्पष्ट है कि उनका यह निर्णय पूरी तरह राष्ट्र के हित में एवं छात्रों के कल्याण में लिया गया निर्णय है।
श्री भट्ट ने आंदोलन के पीछे राष्ट्रविरोधी एवं विपक्षी राजनैतिक ताकतों के होने की आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों को इस मुद्दे पर गुमराह किया जा रहा है। जबकि जिस नीट परीक्षा के लिए यह आंदोलन चलाया जा रहा है, उसके पुनः परीक्षा के परिणाम तक आ गए हैं। लेकिन हमारी सरकार एक एक छात्र के प्रति जिम्मेदारी का अहसास रखते हुए, नकल एवं पेपर लीक के स्थाई समाधान पर कार्य कर रही है। जिसके क्रम में यह इस्तीफा नैतिक आधार पर राष्ट्र हित एवं जनहित में लिया गया है। जो सिर्फ आंदोलन वाले ही नहीं बल्कि घरों में मौजूद छात्र जिनको इन सब से कोई लेना-देना नहीं था, उनको भी एक अच्छा संदेश देने का काम धर्मेंद्र प्रधान ने दिया है। मोदी सरकार हमेशा जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित