जयपुर , जुलाई 25 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों का उच्च उदाहरण बताया है।

श्री चौधरी ने श्री प्रधान के इस्तीफे पर अपनी प्रतिक्रिया में यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने विद्यार्थियों की भावनाओं और चिंताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही का परिचय दिया है।श्री प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में भारत की शिक्षा व्यवस्था को नयी दिशा, नयी सोच और नयी गति प्रदान की। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा में गुणवत्ता, नवाचार, कौशल विकास और विद्यार्थी-केंद्रित सुधारों के माध्यम से उन्होंने देश के करोड़ों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए धर्मेंद्र प्रधान द्वारा पद छोड़ने का निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिकता, जवाबदेही और निस्वार्थ सेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह निर्णय लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभावनाओं के सम्मान और उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित