भरतपुर , जुलाई 20 -- राजस्थान में डीग जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक के खिलाफ छात्राओं से छेड़छाड़, मानसिक प्रताड़ना और मारपीट को लेकर यौन अपराध रोकथाम बाल संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इसके अलावा इसी स्कूल से सम्बंधित एक अन्य मामले में एक शिक्षक से मारपीट, लूट, जातिसूचक अपमान और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में भी एक अलग से मामला दर्ज कराया गया है।
राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम की रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की ओर से उठाये गये इन मामलों के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की । पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गयी है। रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने यह भी खुलासा किया गया कि विरोध करने वाले कुछ छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट भी की गई और उनसे गैर-शैक्षणिक कार्य भी करवाये जाते थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित