बेतिया , फरवरी 6 -- पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी तरनजोत सिंह शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई), योजना खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में स्वरोजगार को बढ़ावा देने में वरदान साबित हो रही है, जबकि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) बेरोजगारी उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

जिलाधिकारी श्री सिंह की अध्यक्षता में पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में पीएमएफएमई, पीएमईजीपी और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत आज मेगा क्रेडिट कैंप का आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्री सिंह इन योजनाओं के लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों से इस योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा शेष लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

इस कैंप के दौरान पीएमएफएमई योजना अंतर्गत 24 लाभुकों को 142.30 लाख रुपये ऋण स्वीकृत किए गए तथा चार लाभुकों को 21.50 लाख रुपये की राशि विमुक्त की गई। वहीं पीएमईजीपी के तहत पांच लाभुकों को 56.40 लाख रुपये तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत एक लाभुक को एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, बैंक प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित