पटना , मार्च 16 -- एम.एस.एम.ई. विकास कार्यालय (डीएफओ), पटना ने सोमवार को प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिये एक दिवसीय "विपणन एवं उद्यमिता उन्मुख प्रशिक्षण कार्यशाला" का आयोजन किया।
उपेन्द्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान, पाटलिपुत्र औद्योगिक क्षेत्र, पटना में आयोतित "विपणन एवं उद्यमिता उन्मुख प्रशिक्षण कार्यशाला" उद्देश्य विश्वकर्मा कारीगरों को उद्यमिता विकास, विपणन, डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त बनाना था। इस दौरान प्रतिभागियों को बैंकिंग प्रक्रियाओं, उद्यम पंजीकरण/ऑनबोर्डिंग, क्यूआर कोड सृजन तथा एमएसएमई मंत्रालय एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में संजीव कुमार वर्मा, सहायक निदेशक (ग्रेड-I), एमएसएमई-डीएफओ, पटना; डॉ. श्वेता एम. देवतले, आईईडीएस, सहायक निदेशक (ग्रेड-II), एमएसएमई-डीएफओ, पटना तथा संस्थान के उप विकास पदाधिकारी सत्यानन्द शर्मा उपस्थित थे।
तकनीकी सत्र के दौरान श्री अनुपम प्रियदर्शी, निदेशक, एनएनआई प्राइवेट लिमिटेड ने प्रतिभागियों को वित्तीय एवं डिजिटल हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण, डिलीवरी तथा इन्वेंट्री प्रबंधन के विषय में जानकारी दी। वहीं सुश्री देबलीना चौधरी, निदेशक, द बोंग कंपनी ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए विपणन सहायता योजना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं।इस कार्यशाला से कारीगरों को अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित