अलवर , जून 18 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 19 जून को नयी दिल्ली से प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना का शुभारंभ करने के दौरान राजस्थान के अलवर में भी कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।
आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि मुख्य आयोजन अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में होगा, जहां प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम में राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
यह योजना रोजगार सृजन को बढ़ावा देने, युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाने, औपचारिक रोजगार को प्रोत्साहित करने और सामाजिक सुरक्षा के दायरे का विस्तार करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। योजना के तहत पहली बार नौकरी प्राप्त करने वाले कर्मचारियों और अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं दोनों को वित्तीय प्रोत्साहन दिया जाएगा।
क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त प्रथम अलवर भूपेंद्र यादव ने बताया कि योजना के तहत लाभ दो श्रेणियों में दिया जाएगा। पहली बार नौकरी ज्वाइन करने वाले कर्मचारियों को शुरुआती खर्चों के लिए अधिकतम 15 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। नये रोजगार सृजित करने वाले संस्थानों को प्रति कर्मचारी अधिकतम तीन हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाएगा। यह राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे खातों में भेजी जाएगी।
अलवर क्षेत्र में इस योजना के तहत 2,427 प्रथम बार रोजगार प्राप्त करने वाले कर्मचारियों को करीब एक करोड़ छह लाख 75 हजार रुपये की राशि वितरित की जाएगी। इसके अलावा 561 संस्थानों को करीब 13 करोड़ 29 लाख रुपये का लाभ मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित