अंबाला , अक्टूबर 07 -- हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में कांग्रेस की घोटाला करने वाली सरकार को हटाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सेवा करने वाली सरकार बनाई है। इसके लिए पूरा देश प्रधानमंत्री का आभारी है। उन्होंने कहा कि 2047 का विकसित भारत केवल सरकार का नहीं, बल्कि हम सभी का संकल्प है।

श्री विज बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत अंबाला शहर पुलिस लाइन में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प में सेवा और संकल्प दोनों शामिल हैं। प्रत्येक नागरिक को यह संकल्प लेना चाहिए कि वह समाज और देश के लिए अपने स्तर पर सेवा करेगा।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और तब से सार्वजनिक जीवन में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे किए हैं। 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य में सरकार के साथ आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान श्री विज और पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल ने मशाल जलाकर सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत की। यात्रा पुलिस लाइन से ओल्ड सेशन कोर्ट तक निकाली गई, जहां ज्योति स्थापित की गई। इस दौरान विज ने 'वंदे मातरम' के नारे लगाकर कार्यकर्ताओं में जोश भरा।

कार्यक्रम में अंबाला छावनी से 42 बसों के काफिले में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता पहुंचे। इस अवसर पर पूर्व विधायक पवन सैनी, नगर निगम मेयर अक्षिता सैनी, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर, जिलाध्यक्ष मनदीप राणा समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित