पटना , मई 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें प्रदेशवासियों और सिवान सदर की जनता की ओर से बधाई देते हुए कहा कि ये 12 वर्ष भारत के इतिहास में सुशासन, विकास और राष्ट्रगौरव के पर्याय बन गए हैं। श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति से कश्मीर को मुख्यधारा से जोड़ा गया, जबकि राम मंदिर निर्माण से 500 वर्षों का संकल्प पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं ने गरीबों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर दिया है। साथ ही 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराना अंत्योदय की भावना का प्रमाण है।उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसी पहल से भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 'न्यूनतम सरकार, अधिकतम सुशासन' का मॉडल देश को दिया है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' केवल नारा नहीं, बल्कि कार्यसंस्कृति बन चुकी है।
श्री पांडेय ने कहा कि 'मन की बात' के जरिए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जनता से सीधा संवाद स्थापित किया, जबकि 'परीक्षा पे चर्चा' से युवाओं को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि पीएम गतिशक्ति योजना से देश में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिली है और विदेश नीति के स्तर पर भारत अब विश्वमित्र की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि जी-20 की अध्यक्षता और योग को वैश्विक पहचान दिलाना प्रधानमंत्री मोदी की दूरदर्शिता का प्रमाण है। बिहार को विशेष पैकेज, एक्सप्रेस-वे, एम्स और आईआईटी जैसी परियोजनाओं से अभूतपूर्व लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत अब समस्याओं का नहीं, बल्कि समाधानों का देश बन चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित