देहरादून , अक्तूबर 07 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र सेवा में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह उत्तरकाशी स्थित पौराणिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से श्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की।

मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि श्री मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और देश के विकास के प्रति समर्पण का काल रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में देश को नई दिशा और नई ऊर्जा देने का कार्य किया है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र के संकल्प की दिशा में निरंतर आगे बढ़ता रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती से श्री मोदी के दीर्घ एवं सफल सार्वजनिक जीवन के लिए बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेना उनके लिए सौभाग्य का विषय है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित