बेतिया , जून 19 -- बिहार सरकार की खेल एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पिछले 12 वर्षों से निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और यही निरंतरता देश को 'विकसित भारत' के लक्ष्य की ओर ले जाएगी।
सुश्री सिंह ने शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जिलास्तरीय प्रबुद्धजन विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज भारतीय होने पर लोगों को गर्व महसूस होता है और वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा तथा सम्मान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पिछले वर्षों में देश में चार लाख किलोमीटर से अधिक ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे नेटवर्क के विस्तार से आवागमन सुगम हुआ है तथा यात्रा का समय कम हुआ है।
खेल एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहित देने के लिए "मेडल लाओ, नौकरी पाओ" जैसी योजनाएं संचालित कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक जिले में एकलव्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बिहार निकट भविष्य में राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी करेगा।
इस सम्मेलन के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रूपक कुमार श्रीवास्तव ने की। इस अवसर पर नरकटियागंज विधायक संजय कुमार पाण्डेय, पूर्व विधायक उमाकांत सिंह, डॉ. उमेश कुमार, संदीप श्रीवास्तव, नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित