नयी दिल्ली , मार्च 18 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की अहम बैठक बुधवार शाम पार्टी मुख्यालय में हुई। इस बैठक में नरेंद्र मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री श्री मोदी का स्वागत पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। बैठक में श्री मोदी के नेतृत्व में चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी है।
बैठक में उम्मीदवारों के चयन, चुनावी रणनीति और गठबंधन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी जल्द ही अन्य राज्यों में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर सकती है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार असम में मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है। भाजपा जहां अपनी सरकार के कामकाज के आधार पर वोट मांग रही है, वहीं विपक्ष बेरोजगारी, महंगाई और स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है। असम चुनाव को लेकर सभी दलों ने अपनी-अपनी रणनीति पर काम तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में चुनावी माहौल और गर्म होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक श्री मोदी असम चुनाव के प्रचार के लिए तीन बड़ी रैलियों को संबोधित करेंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह भी कई क्षेत्रों में चुनावी कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और रैलियां करेंगे।
चुनाव आयोग पहले ही असम की 126 विधानसभा सीटों पर नौ अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराने की घोषणा कर चुका है, जबकि वोटों की गिनती चार मई को होगी।
असम में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव मैदान में उतरेगी। जानकारी के अनुसार, असम गण परिषद (एजीपी) करीब 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) 11 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है, जबकि भाजपा लगभग 89 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित