जौनपुर , जून 18 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं तथा पिछले 12 वर्षों में गरीबों, किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की गई हैं।

केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पांच जून से 21 जून तक चल रहे समेकित जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत जौनपुर के प्रेक्षागृह में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह 'प्रिंसू', पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि भारत शीघ्र ही विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान देशवासियों को निःशुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराकर करोड़ों लोगों के जीवन की रक्षा की गई। किसानों के हित में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाएं संचालित की गई हैं।

उन्होंने कहा कि 80 करोड़ से अधिक लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक की स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।

जिले के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए यादव ने कहा कि नईगंज और जगदीशपुर ओवरब्रिज का निर्माण तेजी से चल रहा है। सदर क्षेत्र में तीन नए पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, जिनमें प्यारेपुर पुल पूर्ण हो चुका है, जबकि शास्त्री पुल के समीप नए पुल का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रिंग रोड परियोजना पर भी तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। खेलों को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी स्टेडियम में मल्टीपरपज हॉल, स्विमिंग पूल और रनिंग ट्रैक का निर्माण कराया गया है। भविष्य में बास्केटबॉल और कबड्डी के लिए आधुनिक हॉल तथा एक स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना भी प्रस्तावित है।

पर्यटन विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि चौकियां धाम और बड़े हनुमान मंदिर सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण एवं विकास कराया जा रहा है।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह 'प्रिंसू' ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल देश के लिए ऐतिहासिक रहा है। उनकी दूरदर्शी सोच और कार्यशैली के कारण देश में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने वर्ष 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लक्ष्य को सामूहिक प्रयासों से प्राप्त करने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास प्रदर्शनी और जनकल्याण मेले के माध्यम से आमजन को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पोषण पोटली, आयुष्मान कार्ड, टूलकिट तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और सामूहिक विवाह योजना के तहत सांकेतिक चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित