पटना , सितंबर 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक पार्टी पूरे देश और बिहार में एक माह तक 'सेवा संकल्प अभियान' चलाएगी। श्री सरावगी ने आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों के केंद्र में सेवा, समाज के सभी वर्गों का कल्याण और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रहेगा।
श्री सरावगी ने कहा कि 07 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभाला था और 07 अक्टूबर 2026 को उनके मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद नरेंद्र मोदी ऐसे एकमात्र नेता हैं जिन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों का कार्यकाल पूरा किया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन को तपस्या, संकल्प को अटूट और सत्ता को जनता की सेवा का माध्यम बनाया है। राष्ट्र प्रथम और अंत्योदय की भावना से उनकी सरकार ने गरीब, युवा, महिला, किसान, श्रमिक तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित